बक्शा | जौनपुर
बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दो पक्षों में हुए विवाद के बाद मारपीट में एक 20 वर्षीय युवक की बल्ली से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सूचना पर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया (लेदुका) गांव निवासी सुमित कुमार सिंह पुत्र नीरज सिंह उर्फ गुड्डू अपनी बाइक बनवाने के लिए घर से लगभग चार किलोमीटर दूर मई गांव आया था। बताया जा रहा है कि बाइक बनवाने के बाद वह वापस जा रहा था, तभी मई गांव में सरकारी शराब की दुकान के पास दरियावगंज रोड स्थित नहर के पास परिचितों के बीच चल रही बर्थडे पार्टी में वह रुक गया।
इसी दौरान किसी बात को लेकर सुमित और मौजूद लोगों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि शिवम गौतम, शनि गौतम सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने पास के निर्माणाधीन मकान से बल्ली उठाकर सुमित के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से नौपेड़वा सीएचसी भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।

