• Tue. Jun 23rd, 2026

    जौनपुर विकास भवन को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन, गुणवत्ता प्रबंधन में बड़ी उपलब्धि

    Share

    जौनपुर। जनपद जौनपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विकास भवन को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (Quality Management System) के अंतरराष्ट्रीय मानक ISO 9001:2015 के अनुरूप कार्य करने हेतु प्रमाणित किया गया है। स्वतंत्र मूल्यांकन संस्था द्वारा विस्तृत निरीक्षण एवं आकलन के उपरांत विकास भवन को यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया।

    यह प्रमाणन विकास भवन में संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता, दक्षता तथा जनसेवाओं में सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा दी जाने वाली सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचेंगी।

    जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रमाणन जनपद प्रशासन की बेहतर कार्य-संस्कृति, सुशासन एवं गुणवत्ता आधारित सेवा प्रदायगी के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने तथा जनहितकारी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

    मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने इस उपलब्धि को विकास भवन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के मानकों का पालन करते हुए जनपद के विकास कार्यों को और अधिक गति एवं पारदर्शिता प्रदान की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed