• Tue. Jun 23rd, 2026

    ₹3.29 करोड़ की दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले मंत्री गिरीश चंद्र यादव— जौनपुर बनेगा विकास का मॉडल

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को जौनपुर नगर क्षेत्र में ₹3.29 करोड़ की लागत वाली दो सड़क विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

    इन परियोजनाओं में भंडारी शीतला चौकिया मार्ग से लखनपुर होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य ₹3.17 करोड़ की लागत से तथा मोहल्ला मियापुर में रणजीत सिंह के मकान से टोला मौर्या होते हुए राम लखन बिंद के मकान तक इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य ₹12.36 लाख की लागत से कराया जाएगा।

    शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने जौनपुर को विकास के नए आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि किसानों, छात्रों और मरीजों के लिए सुविधाजनक जीवन का आधार हैं।

    उन्होंने कहा कि जौनपुर चारों ओर से रेलवे लाइन से घिरा होने के कारण लंबे समय से जाम की समस्या से जूझता रहा है। बनारस रोड जगदीशपुर एवं प्रयागराज रोड नईगंज पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि शाहगंज रोड लखनपुर पर डबल रेलवे ओवरब्रिज का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा। इससे वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ से जौनपुर की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

    मंत्री ने कहा कि गोमती नदी पर कलईचाबाद-प्यारेपुर सहित तीन पक्के पुल, केंद्रीय विद्यालय, रिंग रोड, गोमती घाटों का सौंदर्यीकरण और खेल मैदानों का निर्माण जौनपुर की नई पहचान बना रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता हर गांव तक पक्की सड़क, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

    पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में मंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में लगभग ₹10,000 करोड़ के विकास कार्य हुए हैं और लगभग हर गांव में विकास की कोई न कोई परियोजना पहुंची है।

    कार्यक्रम में जिला महामंत्री अजय सिंह, प्रदीप तिवारी, नंदलाल यादव, सुभाष सिंह, डॉ. पी.के. संतोषी, आशीष गुप्ता, विकास शर्मा, कमलेश निषाद, विपिन सिंह, जटाशंकर त्रिपाठी, धर्मपाल कनौजिया, अरविंद सिंह, देवेंद्र सिंह, सुभाष मौर्य, सुरेंद्र मौर्य ‘भग्गू’ सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed