चंदवक | जौनपुर
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर चंदवक पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजीपुर जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र के खिरौना गांव निवासी ऋषु यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी 23 अप्रैल 2024 को चंदवक थाना क्षेत्र के घुट्टा गांव निवासी मुकेश कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और सास सुशीला यादव दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता के अनुसार, 10 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे पति और सास ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया गया। मायके पक्ष द्वारा कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर चंदवक पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक देव कुमार चौबे को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

