जौनपुर, 21 जून। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने नीट परीक्षा के सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रविवार को जनपद के टी.डी. पी.जी. कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


