जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र के खरशेनपुर गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार को खरगसेनपुर तनवा नहर से बरामद किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया जहर खाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खरशेनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील शर्मा पुत्र बचाई शर्मा का शव नहर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया जाता है कि सुनील शर्मा का विवाह चार वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। वह तीन भाइयों में एक थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे जहर खाने की आशंका प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मृतक का अपनी पत्नी और मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद चलने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

