• Thu. Jun 18th, 2026

    कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए कड़े निर्देश

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

    बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को दिए।

    उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा उनकी सुरक्षा एवं अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

    राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मड़ियाहूं का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर शीघ्र हैंडओवर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

    जल जीवन मिशन (शहरी) के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु से पूर्व सड़कों की मरम्मत तथा खुले एवं क्षतिग्रस्त मैनहोलों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    मां शीतला चौकियां धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

    जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी निर्माण स्थलों पर योजना का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था एवं अन्य विवरण स्पष्ट रूप से सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

    उन्होंने सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि कार्यस्थलों पर डेंजर बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा श्रम कानूनों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

    बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (आईआईटी बीएचयू, कानपुर) से कराने के निर्देश भी दिए गए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ठेकेदारों का भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए, जिससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा न आए।

    उन्होंने निर्देश दिया कि नोडल विभागों के अधिकारी प्रत्येक माह कम से कम दो बार निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें तथा सभी स्थलों पर सरकारी योजनाओं का स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करें।

    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed