केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के लठ्ठेपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मटियारी गांव निवासी संतोष पाल (28 वर्ष), पुत्र स्व. सियाराम पाल के रूप में हुई है। गुरुवार को बेलाव घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, संतोष पाल अपनी बहन सोनी पाल को डोभी क्षेत्र के कोइलारी गांव में रिश्तेदारी में छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह लठ्ठेपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा, तभी बेलाव की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने विपरीत दिशा में जाकर उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही संतोष सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद भीड़ का फायदा उठाकर दूसरा बाइक सवार मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक चार बहनों में इकलौता भाई था और पिता का साया पहले ही उठ चुका था। उसकी मां प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के पद पर कार्यरत है।
परिवार का सहारा था संतोष
मृतक संतोष पढ़ाई के साथ-साथ होम ट्यूशन देकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
मृतक के चचेरे भाई अरविंद कुमार पाल ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

