जफराबाद, जौनपुर। जफराबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-4 की ओर स्थायी प्रवेश द्वार एवं यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने बुधवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया। अनशन की पूर्व सूचना के मद्देनजर जंक्शन परिसर में जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है।
जज सिंह अन्ना की मांग है कि प्लेटफार्म नंबर-4 की ओर स्थायी सेकंड साइड एंट्री गेट का निर्माण कराया जाए। साथ ही टिकट बुकिंग घर, यात्री शेड, शौचालय, पेयजल, बिजली और आवागमन के लिए उचित मार्ग की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि लगभग 80 प्रतिशत रेल यात्रियों को जौनपुर शहर की ओर आना-जाना पड़ता है, जहां कलेक्ट्रेट, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं।
उन्होंने बताया कि पहले यात्री अस्थायी रूप से खुले मार्ग से आवागमन करते थे, लेकिन 24 मई को स्टेशन प्रशासन द्वारा इस मार्ग को बंद कर दिए जाने के बाद यात्रियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। कई यात्री मजबूरी में स्टेशन की चाहरदीवारी पार कर आवागमन कर रहे हैं।
जज सिंह अन्ना ने बताया कि 10 जून को उन्होंने डीआरएम से मुलाकात कर मांगों से अवगत कराया था तथा मांगें पूरी न होने पर आमरण अनशन की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि जब तक रेलवे प्रशासन उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
तहसीलदार मजिस्ट्रेट महेंद्र कुमार ने कहा कि मामला रेलवे विभाग से संबंधित है, फिर भी समस्या को रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। वहीं रेलवे के टीआई पंकज सिंह ने अनशन की आधिकारिक जानकारी न होने की बात कही। हालांकि जज सिंह अन्ना का दावा है कि उन्होंने जिलाधिकारी, डीआरएम, स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी और आरपीएफ सहित संबंधित अधिकारियों को 150 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन पहले ही सौंप दिया है।

