• Wed. Jun 17th, 2026

    जौनपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन, 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने का लिया संकल्प

    Share

    जौनपुर। विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन (प्रबुद्ध जन)’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव एवं जिला प्रभारी अशोक चौरसिया मौजूद रहे।

    सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिले के शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

    मुख्य अतिथि शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

    राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

    जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश को विकास के नए पथ पर अग्रसर किया है। वहीं जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

    कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों को सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण और जनभागीदारी के संकल्प को दोहराया।

    कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, पंकज मिश्रा, परविंदर चौहान, पुष्पा निषाद, नीरज मौर्य, अमित श्रीवास्तव, राज पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed