जौनपुर। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण पहले से ही दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप आज बड़ी संख्या में महिलाएं पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता और अपना दल (एस) शुरू से ही महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। वह रामनगर क्षेत्र के सरौना गांव में अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता एवं जिला पंचायत सदस्य ललई सरोज की पूज्य दादी जगदेई देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं थी। शोकाकुल परिवार से मुलाकात के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने संगठन, आगामी चुनाव और युवाओं के रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
अपना दल (एस) राजनीति में महिलाओं को दे रही बढ़ावा

