जौनपुर। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। बरसठी क्षेत्र के सरसरा गांव निवासी हरिशंकर गुप्ता ने आरोप लगाया है कि सोलर प्लांट लगवाने के नाम पर उनके खाते से 22 हजार रुपये जमा कराए गए और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से उनके नाम पर 1.38 लाख 600 रुपये का ऋण भी स्वीकृत करा दिया गया, लेकिन अब तक उनके घर पर सोलर पैनल नहीं लगाया गया। हरिशंकर ने बताया कि उन्होंने कना ट्रेडिंग नामक वेंडर के माध्यम से तीन किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगवाने के लिए आवेदन किया था। ऋण स्वीकृत होने के करीब पखवाड़े बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ। जानकारी लेने पर उन्हें लगातार टालने का आरोप है। पीड़ित ने सरकारी हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

