• Sun. Jun 14th, 2026

    मड़ियाहूं में दो सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी

    Share

    जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसों के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पहली घटना सोमवार सुबह शीतलगंज बाजार के पास हुई। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के परेवा गांव निवासी मीरा देवी (50) अपने पुत्र गंगेश के साथ जफराबाद से जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
    दूसरी घटना रविवार रात करीब 11 बजे नगर के गौशाला के पास हुई। सरसरा गांव निवासी सुरेश (40) जयरामपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है तथा अज्ञात वाहनों की पहचान कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed