जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। सरायकलीदास गांव के पास बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 23 वर्षीय कुमार आशीष की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी कुमार आशीष टेंट व्यवसाय का कार्य करते थे। उनके पिता अनिरुद्ध कुमार के अनुसार, आशीष सोमवार को किसी आवश्यक कार्य से शीतलगंज बाजार गए थे। लौटते समय सरायकलीदास गांव के बाईपास के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि आशीष अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
सरायकलीदास बाईपास पर सड़क हादसा, टेंट व्यवसायी युवक की मौत

