• Sun. Jun 7th, 2026

    महनपुर में युवती ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में पसरा मातम

    Share

    जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के महनपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    जानकारी के अनुसार, महनपुर निवासी बरखुराम बिंद की 18 वर्षीय पुत्री रूशी बिंद ने शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर के पीछे स्थित नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों की नजर जब उस पर पड़ी तो आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

    मृतका के पिता बरखुराम बिंद ने बताया कि उनकी बेटी घर पर ही रहती थी और फिलहाल किसी प्रकार की पढ़ाई नहीं कर रही थी। आत्महत्या के पीछे की वजह क्या रही, इसे लेकर परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed