• Sun. Jun 7th, 2026

    गेट लगवाने के दौरान विवाद, कुल्हाड़ी के हमले में पिता-पुत्र घायल; चार पर मुकदमा दर्ज

    Share

    जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी से वार कर दोनों को घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पहाड़पुर निवासी रविंद्र मौर्य ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह अपने पिता राधेश्याम मौर्य के साथ घर की दीवार में गेट लगवा रहे थे। इसी दौरान गांव के अमरनाथ, पारसनाथ, प्रदीप और अजय मौर्य वहां पहुंच गए। आरोप है कि चारों लोग लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से लैस थे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे।

    पीड़ित के अनुसार देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने उन दोनों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान कुल्हाड़ी से किए गए वार में राधेश्याम मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

    रविंद्र का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी और पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। घटना के बाद वह अपने घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अमरनाथ, पारसनाथ, प्रदीप और अजय मौर्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed