जौनपुर – शासन के निर्देश के क्रम में विकास खण्ड महराजगंज के ग्राम पंचायत बैरमा में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जन चौपाल के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ग्रामवासी विवेक, प्रतिमा, फूलकुमारी मौर्य, राजाराम गौतम, आशीष पटेल एवं लालसाहब मौर्य को मौके पर आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया गया। वहीं श्रीमती मनराजी पत्नी स्व. राउरदीन सरोज की विधवा पेंशन से संबंधित शिकायत का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इसी क्रम में रमाशंकर द्वारा आवागमन हेतु संपर्क मार्ग निर्माण को लेकर राजन पाण्डेय द्वारा आपत्ति जताए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। मौके पर उपस्थित राजन पाण्डेय ने बताया कि उनके द्वारा धारा 24 के अंतर्गत चक की पैमाइश हेतु वाद दर्ज किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया कि आज ही चक की पैमाइश कराकर संपर्क मार्ग से संबंधित विवाद का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त मूलचन्द्र पुत्र सरबजीत द्वारा बिजली के लटके तारों की समस्या उठाई गई, जिस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कर जियोटैग फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।


