• Wed. May 27th, 2026

    पूर्व मंडल अध्यक्ष पर हमले के मामले में तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पुलिस पर उठे सवाल

    Jaunpur police
    Share

    सिकरारा (जौनपुर)। क्षेत्र के दुदौली नहर पुलिया के पास पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले के तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार और क्षेत्रीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश एवं भय का माहौल बना हुआ है।

    घटना में गंभीर रूप से घायल अजय कुमार मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि नामजद तहरीर दिए जाने के बावजूद आरोपी अब भी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, जिससे परिवार की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।

    पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई न किया जाना हमलावरों के हौसले बढ़ाने जैसा है।

    स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित दिखाई दे रही है और वास्तविक गिरफ्तारी की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो स्थिति और तनावपूर्ण हो सकती है।

    परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो दबंग दोबारा किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

    क्षेत्रीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed