जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर हुए सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। हादसा असबरनपुर ब्रिज के पास उस समय हुआ जब जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहे दो वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे चल रही ट्रिबर कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराते हुए पलट गई।
पुलिस के अनुसार दोनों सेवन-सीटर वाहन आगे-पीछे चल रहे थे। पीछे चल रही कार ने आगे वाले वाहन में टक्कर मार दी, जिससे हादसा हो गया। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसआई विजय सिंह ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी रेहटी तथा निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों में चालक मजहर अली, शफीक अहमद, अनुज कुमार सिंह, अशोक राजभर, उनकी पत्नी विमला देवी और पुत्री साक्षी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


