जौनपुर। टीडी इंटर कॉलेज के मुख्य भवन एवं बालिका भवन में मंगलवार को अवकाश प्राप्त शिक्षाशास्त्र प्रवक्ता स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन पर एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने किया। शोक सभा में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी, अनुशासित एवं अत्यंत मिलनसार व्यक्तित्व के व्यक्ति थे। उन्होंने अपने लंबे शिक्षण कार्यकाल में विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा प्रदान की, बल्कि उन्हें संस्कार और जीवन मूल्यों का भी ज्ञान दिया। उनके निधन से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि श्री सिंह का व्यवहार सदैव सहयोगात्मक और प्रेरणादायी रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विद्यालय परिवार उनके बताए मार्ग पर चलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
शोक सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की और तत्पश्चात अपने-अपने घरों को प्रस्थान किया। शोक सभा में विद्यालय परिवार का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

