• Wed. May 13th, 2026

    बिरहदपुर ग्राम सभा में जर्जर सड़क का निर्माण पूरा, ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान का किया सम्मान

    Share

    जौनपुर। बिरहदपुर ग्राम सभा में वर्षों से खराब पड़ी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। सड़क बन जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोगों ने ग्राम प्रधान छोटेलाल गुप्ता का भव्य स्वागत किया। यह सड़क लंबे समय से उपेक्षित थी और जगह-जगह गड्ढों में बदल चुकी थी। बरसात के दिनों में इस पर चलना भी मुश्किल हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था। वर्तमान ग्राम प्रधान छोटेलाल गुप्ता ने पद संभालने के बाद ग्रामीणों को विकास का आश्वासन दिया था। लोगों द्वारा सड़क की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने स्वयं पहल करते हुए बजट स्वीकृत कराया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी।
    सड़क निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों ने स्वागत समारोह आयोजित किया। प्रधान के पहुंचते ही लोगों ने फूल-मालाओं से उनका सम्मान किया और “प्रधान जी जिंदाबाद” के नारे लगाए। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का निर्माण गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप किया गया है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान छोटेलाल गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि पूरे गांव के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सड़क जनता की मूलभूत आवश्यकता है और इसे पूरा करना उनका कर्तव्य था। उन्होंने यह भी कहा कि बिरहदपुर ग्राम सभा को एक आदर्श गांव बनाने के लिए आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे और आने वाले समय में हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *