• Wed. May 13th, 2026

    पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने जारी किए परीक्षा निर्देश, 15 मई तक अंक अपलोड अनिवार्य

    Share

    जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को स्पष्ट किया है कि आंतरिक, प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाओं के अंक निर्धारित समय सीमा में अपलोड किए जाएं और बाद में किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं होगा। निर्देशों के अनुसार, महाविद्यालयों को अंक अपलोड करने से पहले उनकी पूरी तरह जांच करनी होगी और सभी अंक छात्रों के नाम के सामने सही ढंग से दर्ज किए जाने चाहिए। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि सम सेमेस्टर 2026 की प्रायोगिक परीक्षाएं पहले से नियुक्त परीक्षकों द्वारा ही कराई जाएंगी।
    अंक अपलोड करने के लिए अलग-अलग पोर्टल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक और स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के सेशनल व आंतरिक अंक समर्थ पोर्टल पर भरे जाएंगे, जबकि अन्य अंक विश्वविद्यालय के मुख्य पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाओं की फोटो व वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है, जिसे महाविद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखने के साथ यूट्यूब पर अपलोड करना होगा। साथ ही संबंधित परीक्षकों और प्राचार्य के हस्ताक्षरयुक्त अंक पत्र की प्रति विश्वविद्यालय में जमा करना भी जरूरी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों को 15 मई तक सभी परीक्षाएं संपन्न कर त्रुटिरहित अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *