जौनपुर। जनपद में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर यातायात पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के अंतर्गत लंबित मामलों के निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी पीआरवी 112 एवं यातायात पुलिस की टीमों द्वारा लाउड हेलर के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जिन व्यक्तियों के ऑनलाइन चालान लंबित हैं, वे 09 मई को न्यायालय में आयोजित लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का सरल, सस्ता और त्वरित निस्तारण कराएं। इससे न केवल जुर्माने में राहत मिल सकती है, बल्कि कानूनी प्रक्रिया से भी जल्दी छुटकारा मिलेगा।
प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिकाधिक मामलों का निपटारा कर लोगों को राहत प्रदान की जाए और न्यायिक प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके।

