जौनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में जनपद के निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उनके विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में स्थानांतरण के बाद यह समारोह आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, कलेक्ट्रेट बार संघ के पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं मीडिया कर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके सरल, संवेदनशील और कर्मठ व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल को याद किया।
अपने संबोधन में डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा में टीम भावना और पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जौनपुर में कार्य करते हुए उन्हें सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला, जो उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण, नियमित जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं के समाधान, निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध संचालन, पीली नदी के जीर्णोद्धार, जनपद की सीडी रेशियो में वृद्धि तथा मुख्यमंत्री उद्यमी विकास योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए। इसके अलावा उन्होंने गौशालाओं में भूसा-चोकर दान, परीक्षाओं के दौरान छात्रों के लिए गुड़-पानी की व्यवस्था तथा लंबित चकबंदी कार्यों को पूरा कराने जैसे प्रयास भी किए।
समारोह के अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को भावभीनी विदाई

