जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में यातायात नियमों के अनुपालन और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस और समस्त थानों की टीमों ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर सघन जांच की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना रहा। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी चलाने तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1213 वाहनों का चालान किया।
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

