• Sat. Aug 22nd, 2026

    जौनपुर में स्मार्ट मीटर का बड़ा विस्तार: 1.71 लाख से ज्यादा उपभोक्ता जुड़े, अब मोबाइल की तरह होगा बिजली रिचार्ज

    BySatyameva Jayate News

    Mar 30, 2026
    Share

    जौनपुर

    जनपद में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से जारी है। अब तक जिले में 1,71,528 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जो सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं। शेष उपभोक्ताओं के यहां भी मेसर्स जीएमआर द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चलाया जा रहा है।

    विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह स्मार्ट मीटर ISI प्रमाणित हैं और रियल टाइम में बिजली खपत व बैलेंस की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। प्रीपेड प्रणाली पर आधारित ये मीटर मोबाइल फोन की तरह रिचार्ज किए जा सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बिल भुगतान की झंझट से राहत मिलेगी।

    स्मार्ट मीटर की खास बात यह है कि भविष्य में सोलर कनेक्शन लेने पर भी मीटर बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वहीं, प्रीपेड भुगतान पर उपभोक्ताओं को 2 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। कम बैलेंस, भुगतान और खपत की जानकारी एसएमएस के जरिए लगातार मिलती रहती है।

    अधिकारियों के अनुसार, उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन जोड़ने के लिए अब बिजलीघर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि मीटर स्वतः रिकनेक्ट हो जाता है। साथ ही UPPCL Smart App के माध्यम से उपभोक्ता प्रतिदिन, मासिक और प्रति घंटे बिजली खपत की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

    ऑनलाइन भुगतान की सुविधा को बढ़ावा देते हुए UPI, Paytm और Google Pay के माध्यम से तुरंत रिचार्ज किया जा सकता है। शिकायत दर्ज कराने और दैनिक कटौती की जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध है।

    बताया गया कि RDSS योजना के तहत मौजूदा उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर निःशुल्क लगाए जा रहे हैं। हालांकि, नए कनेक्शन पर नियमानुसार शुल्क लागू होगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक रिचार्ज में पुराने बकाए के कारण राशि अधिक लग सकती है, लेकिन यह पूरी तरह खपत पर आधारित होती है।

    बिजली कटने की स्थिति में रिचार्ज के बाद भी यदि दो घंटे में आपूर्ति बहाल नहीं होती है, तो उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन या व्हाट्सएप/चैटबॉट के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

    इस संबंध में मुख्य अभियंता (वि.) वाराणसी क्षेत्र-द्वितीय के निर्देश पर आयोजित प्रेसवार्ता में अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार गुप्ता एवं अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक मौजूद रहे।

    ऑपरेशनल कार्य के लिए नदीम अहमद फरीदी सम्मानित
    मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज जौनपुर की तरफ से स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं
    मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज जौनपुर के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान की तरफ से स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *