पुनः पैमाइश के बीच हुआ हादसा, जांच में जुटा प्रशासन
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर (विशेषसर) गांव में भूमि विवाद से जुड़े मामले में बुधवार को एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब सात घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद युवक लगभग 40 फीट ऊंचे टावर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मृतक की पहचान श्रीप्रकाश यादव (30) पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परिवार का पड़ोसियों से भूमि विवाद चल रहा था। विवादित भूमि की पैमाइश वर्ष 2016 में शुरू हुई थी तथा वर्ष 2019 में पत्थरगड्डी भी कर दी गई थी, लेकिन परिवार मापी से संतुष्ट नहीं था। इसी विवाद को लेकर श्रीप्रकाश बुधवार सुबह गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और राजस्व विभाग पर गलत पैमाइश का आरोप लगाने लगा।
सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को समझाने के प्रयास के साथ एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार सदर के नेतृत्व में पुनः भूमि पैमाइश भी कराई गई। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे युवक अचानक टावर से नीचे गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।


