• Sat. May 23rd, 2026

    चलती सेंट्रो कार में लगी भीषण आग, पांच सवार बाल-बाल बचे

    Share

    खुटहन के बनुआडीह नहर पुलिया के पास हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट की आशंका

    खुटहन (जौनपुर)। प्रयागराज-वाया शाहगंज मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सेंट्रो कार में अचानक आग लग गई। घटना खुटहन थाना क्षेत्र के बनुआडीह नहर पुलिया के पास की है। कार में सवार पांच लोगों ने चालक की सूझबूझ से समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

    जानकारी के अनुसार खेतासराय क्षेत्र के डोभी गांव निवासी विकास अपनी माता सुमित्रा, बहनों एकता और अंकिता तथा अपने नाना नेबूलाल निवासी सुइथाखुर्द (थाना खुटहन) के साथ कार से खुटहन से शाहगंज की ओर जा रहे थे। रास्ते में बनुआडीह नहर पुलिया के समीप अचानक कार से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल आए।

    कुछ ही क्षणों में कार ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग की लपटों में घिरकर आग का गोला बन गई। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

    सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वाहन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

    गनीमत रही कि चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *