मछलीशहर, जौनपुर। सुजानगंज में रसोई गैस सिलेंडर लेने जा रहे बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। हादसे के नौ दिन बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंवारा थाना क्षेत्र के मड़वा डोड़क (नरगहना) गांव निवासी आशिक उर्फ साजन (19) पुत्र कमालुद्दीन 15 मई की भोर में गांव के ही विवेक जायसवाल के साथ बाइक से रसोई गैस सिलेंडर लेने सुजानगंज जा रहे थे। दोनों सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर मुस्तफाबाद बाजार के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में आशिक उर्फ साजन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल जौनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक की मां आसिया की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

