जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव स्थित शारदा सहायक खंड-36 नहर पुलिया के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार चौखड़ा गांव निवासी गंगा गौतम अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ किसी कार्य से बाहर गए थे। घर लौटते समय नहर पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे टाली लगे ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे में उर्मिला देवी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल एवं चौकी प्रभारी एसआई जय प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


