जौनपुर। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बाट-माप विभाग की टीम ने बदलापुर क्षेत्र के घनश्यामपुर स्थित एक मिठाई की दुकान पर छापेमारी कर जांच की। निरीक्षण के दौरान तौल में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक को आवश्यक निर्देश दिए।
बाट-माप निरीक्षक पीयूष त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने घनश्यामपुर स्थित नीतेश स्वीट की दुकान पर पहुंचकर मिठाइयों समेत अन्य खाद्य पदार्थों की तौल की जांच की। जांच के दौरान कुछ वस्तुओं की तौल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिस पर विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की।
अधिकारियों ने दुकान संचालक मानिक यादव को भविष्य में सभी वस्तुओं की सही तौल सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हलचल देखी गई।
सूत्रों के अनुसार, विभाग लगातार बाजारों में निरीक्षण अभियान चला रहा है ताकि ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाट-माप विभाग ने स्पष्ट किया है कि घटतौली या अन्य अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर नियमित रूप से जांच की जाएगी। यदि किसी प्रतिष्ठान पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


