जफराबाद। स्थानीय कस्बे के चकमहमुद मोहल्ले में झाड़-फूंक की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट पुलिस जांच में फर्जी साबित हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, जिसमें धर्म परिवर्तन जैसी कोई बात सामने नहीं आई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ले के एक 67 वर्षीय व्यक्ति पर झाड़-फूंक के दौरान लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल की गई थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह को मौके पर भेजकर जांच कराई।
जांच में पता चला कि संबंधित व्यक्ति का अपने पड़ोसी से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसके अलावा बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव है। इसी दौरान एक 62 वर्षीय वृद्ध महिला ने उक्त व्यक्ति पर छेड़छाड़ करने तथा झाड़-फूंक के दौरान आपत्तिजनक बातें कहने का आरोप लगाया। वहीं एक अन्य महिला ने बताया कि बच्चों को लेकर अक्सर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी और विवाद होता रहता है।
चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह ने बताया कि जांच के दौरान धर्म परिवर्तन कराने संबंधी कोई तथ्य या शिकायत नहीं मिली। मामला मुख्य रूप से जमीनी विवाद और बच्चों के बीच हुए झगड़े से जुड़ा पाया गया है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि एक वृद्ध महिला द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है, जबकि धर्म परिवर्तन की बात की पुष्टि नहीं हुई है। सभी संबंधित पक्षों को थाने बुलाया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

