जौनपुर। महराजगंज क्षेत्र में शनिवार को भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें ग्राम प्रधान के पुत्र शारदा प्रसाद सोनी पर रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केवटली बाजार निवासी शारदा प्रसाद सोनी ने आरोप लगाया कि उनकी माता ग्राम प्रधान हैं और वह उनका कार्यभार देखते हैं। उनके अनुसार पड़ोसी पक्ष से लंबे समय से रंजिश चली आ रही है और भूमि विवाद के चलते यह हमला हुआ। आरोप है कि उनके चाचा द्वारा निजी भूमि पर कराई जा रही बाउंड्री वॉल का विरोध करते हुए कमलेश उमर, विशाल, आदित्य, विकास सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज के बाद रॉड व सरिया से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची ग्राम प्रधान मुन्नी देवी को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। थानाध्यक्ष तरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
महराजगंज में भूमि विवाद को लेकर हिंसक झड़प, ग्राम प्रधान के पुत्र पर रॉड से हमला

