• Tue. Aug 4th, 2026

    ग्रामीणों ने जनसहयोग से बनाया 100 फीट लंबा लोहे का पुल

    Share

    जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के सीर गांव के पास बसूही नदी पर ग्रामीणों ने जनसहयोग से 100 फीट लंबा लोहे का पुल बनाकर मिसाल पेश की है। करीब एक महीने में तैयार हुए पुल का रंगाई-पुताई के बाद विधिवत उद्घाटन किया गया। पुल बनने से वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे आसपास के कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

    ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2002 में भी चंदा जुटाकर इसी स्थान पर लोहे का पुल बनाया गया था, लेकिन पिछले आठ वर्षों से उसकी स्थिति जर्जर हो गई थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से स्थायी पुल निर्माण की मांग की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने स्वयं चंदा एकत्र कर नया जालीदार लोहे का पुल तैयार कराया।

    नया पुल कसियांव, काजीपुर, दरगाह, रामनगर, अढ़नपुर, छांगापुर और कटघर समेत कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन आसान बनाएगा। इससे दुर्गा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। पुल का उद्घाटन बसंता यादव उर्फ दरोगा ने फीता काटकर किया। इस दौरान ग्राम प्रधान लालजी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *