जौनपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ अभियान के तहत जनपद जौनपुर में गैंग बनाकर मारपीट, भय का माहौल पैदा करने तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले मनबढ़ युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापारियों, होटल संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों, ज्वैलर्स, जनसुविधा केंद्र संचालकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और अन्य संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में लोगों को ऐसे युवकों की जानकारी गोपनीय रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई, जो गैंग बनाकर मोटरसाइकिलों पर घूमते हैं, चेहरा ढंककर मारपीट की घटनाओं को अंजाम देते हैं और सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करते हैं।
पुलिस के अनुसार कुछ युवक फेसबुक लाइव, इंस्टाग्राम रील्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर आपराधिक छवि बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना जलालपुर पुलिस ने कथित रूप से 0505 गैंग से जुड़े संदीप यादव उर्फ शूटर निवासी नेवादा तथा 0606 गैंग से जुड़े रवि यादव उर्फ लालू यादव उर्फ फाइटर निवासी बनपुरवा रेहटी को चिन्हित किया है। पुलिस के अनुसार रवि यादव के विरुद्ध इंस्टाग्राम पर हथियार प्रदर्शित करने के मामले में थाना जलालपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और बीट पुलिसकर्मियों को ऐसे अराजक तत्वों का चिन्हीकरण कर उनका विवरण संबंधित पुलिस प्रणाली में अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


