जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मिरशादपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान दाउदपुर गांव निवासी सच्चिदानंद शुक्ला और सूर्य प्रकाश शुक्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सच्चिदानंद शुक्ला क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फूलचंद पाण्डेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


