• Fri. Jun 19th, 2026

    नदी में डूबने से दो किशोरियों की मौत, सहेली को बचाने में एक अन्य घायल

    Share

    जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में नदी में स्नान करने गई छह सहेलियों में से दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में एक अन्य किशोरी घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    जानकारी के अनुसार नहोरा गांव के पनिहरियां पुरवा की छह किशोरियां शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित शिवमंदिर के समीप जालकपुर घाट पर स्नान करने के लिए गई थीं। सभी सहेलियां नदी में नहा रही थीं। इसी दौरान कुछ किशोरियां अनजाने में गहरे पानी वाले हिस्से में पहुंच गईं। देखते ही देखते 16 वर्षीय पिंकी उर्फ गुड़िया पुत्री भोला नाथ तथा 17 वर्षीय शिवांगी पुत्री भैयालाल गहरे पानी में डूबने लगीं।

    दोनों को डूबता देख उनकी सहेली गुंजा पुत्री पारसनाथ उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन वह भी पानी में चली गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के बगीचे में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक पिंकी और शिवांगी की मौत हो चुकी थी।

    घायल गुंजा को तत्काल उपचार के लिए नेवढ़ियां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। वहीं, स्नान करने गई अन्य तीन सहेलियां आंचल, ननका उर्फ अंजलि और दीपा सुरक्षित हैं।

    घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    ग्राम प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि सभी किशोरियां एक साथ स्नान करने गई थीं। अचानक गहरे गड्ढे में चले जाने के कारण यह हादसा हो गया। घटना के बाद पनिहरियां पुरवा सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। मृतक किशोरियों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed