जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बधाई लेने के अधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया, जिसमें एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद दोनों पक्ष शाहगंज कोतवाली पहुंच गए, जहां कोतवाली गेट के बाहर किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ किन्नरों ने अर्धनग्न होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।


