शाहगंज, जौनपुर। नगर के एक निजी क्लिनिक में घायल अवस्था में मिले तोते के दो बच्चों का वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आलोक पालीवाल ने उपचार कर उन्हें सुरक्षित देखभाल उपलब्ध कराई। उन्होंने दोनों पक्षियों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान डॉ. पालीवाल ने कहा कि घायल एवं असहाय पक्षियों और अन्य जीवों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। समय पर उपचार और उचित देखभाल से उनके जीवन की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई घायल पक्षी या अन्य जीव दिखाई दे तो उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर पशु चिकित्सक या संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें, ताकि उसका समय रहते उपचार हो सके।
डॉ. आलोक पालीवाल की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सेवा भाव का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।


