जौनपुर। मुफ्तीगंज क्षेत्र के मामपुर गांव में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर पानी भर जाने से आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को आने-जाने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
जलभराव से बलईपुर, कटका, बैरगिया, पतीला, विजयीपुर और वीरमपुर समेत आसपास के गांवों के लोग प्रभावित हैं। सड़क पर पानी जमा होने के कारण कई ग्रामीणों ने इस मार्ग का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है। स्कूली बच्चों, पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाता है। लंबे समय तक जलभराव रहने से लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से परेशानी झेलने के बावजूद अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान विपिन तिवारी, स्वतंत्र देव, प्रिंस मिश्र और समाजसेवी संजय कुमार यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।


