• Tue. Aug 18th, 2026

    रामपुर-गोपालापुर मार्ग बदहाल, राहगीर परेशान

    Share

    जौनपुर। रामनगर के राजापुर ग्राम पंचायत में रामपुर-गोपालापुर मार्ग की हालत खराब होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण मार्ग लगातार जर्जर होता जा रहा है।

    ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी आवागमन में दिक्कत होती है।

    ग्रामीण राजकुमार यादव, सुरेंद्र, धर्मेंद्र, जितेंद्र कुमार और हर्ष ने बताया कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क खराब होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

    ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मार्ग का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने और सड़क के सुदृढ़ीकरण की मांग की है। लोगों ने जनहित में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *