जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के दुदौली गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। नहर की पुलिया में ट्रैक्टर गिर जाने से चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुदौली निवासी सूरज सरोज रविवार को अपने ट्रैक्टर की सर्विस कराने मछलीशहर गया था। सर्विसिंग के बाद वह ट्रैक्टर लेकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच गोकुल चौरसिया स्कूल के समीप नहर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को पास देने के प्रयास में उसका ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।
अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे नहर की पुलिया में जा गिरा। हादसे में सूरज ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि सूरज सरोज खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

