• Fri. Jun 5th, 2026

    कर्तव्य में लापरवाही पर तीन उपनिरीक्षक और दो आरक्षी निलंबित

    Share

    जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने विभागीय अनुशासन को सख्ती से लागू करते हुए कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बरतने वाले पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

    निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में तीन उपनिरीक्षक और दो आरक्षी शामिल हैं। उपनिरीक्षकों में थाना सिंगरामऊ में तैनात राजेश राम, थाना सिकरारा के हृदयानन्द तथा थाना खुटहन के अक्षय कुमार शामिल हैं। वहीं आरक्षियों में थाना सिकरारा के शिवजी राय और थाना खुटहन के राजेश कुमार यादव के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

    पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन सभी कर्मियों पर अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप पाए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरते जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा। विभागीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed