• Fri. Jun 5th, 2026

    जौनपुर में 21 जून तक चलेगा जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान, लगाए जाएंगे 8.43 लाख पौधे

    Share

    जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 5 जून से 21 जून तक समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान के मूल मंत्र पर आधारित इस अभियान की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ की जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

    प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जौनपुर में कुल 8 लाख 43 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपे गए हैं और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) के अनुसार जनपद के सभी 21 विकास खंडों, 1734 ग्राम पंचायतों और 12 नगर निकायों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। विभागवार निर्धारित लक्ष्य के तहत वन विभाग 64 हजार, ग्राम्य विकास विभाग 5 लाख 23 हजार, पंचायती राज विभाग 34 हजार, कृषि विभाग 1 लाख 32 हजार, उद्यान विभाग 87 हजार तथा नगर निकायों द्वारा 3 हजार पौधे लगाए जाएंगे।

    वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग की 38 पौधशालाओं से पौधों का वितरण और उठान शुरू कर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार अमृत सरोवरों, तालाबों, नदियों, नहरों, सड़कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों के किनारे पौधरोपण कराया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सके।

    जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पौधरोपण के बाद पौधों की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि अभियान के उद्देश्य सफल हो सकें।

    विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन जौनपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वह “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

    अभियान के तहत 21 जून तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों के साथ होगा।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed