केराकत। राष्ट्रभक्ति के पावन पर्व ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत विधानसभा केराकत के डोभी मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में आशीर्वाद हॉस्पिटल के अधिष्ठाता डॉ. विनोद कुमार ने भी सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराना प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सदैव समर्पित रहें तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देशवासियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाला अभियान है। तिरंगे के सम्मान के साथ हमें अपने देश के प्रति कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर यात्रा में पधारे सम्मानित पदाधिकारियों, वरिष्ठ जनों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।





