जौनपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार सुबह करीब 11 बजे विकास खंड बक्शा सभागार में पंचायत सहायकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पंचायत सहायकों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने की, जबकि प्रभारी एडीओ पंचायत विजय भान यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। संजय श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोत बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पंचायतों को अपने राजस्व स्रोत विकसित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में गंभीर प्रयास करना चाहिए। इससे स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।
विजय भान यादव ने पंचायत सहायकों को सरकारी योजनाओं के साथ ग्राम पंचायतों के संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और आय बढ़ाने की जानकारी देने की आवश्यकता बताई। प्रशिक्षण में महेश तिवारी, अभय और नीरा आर्या ने पंचायत कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और राजस्व स्रोत मजबूत करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में सचिव सरिता पाल, कमलेश खरवार, शिवानी श्रीवास्तव सहित सभी पंचायत सहायक मौजूद रहे।



