जौनपुर। आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के कोठिया गांव में बुधवार को खाना खाने के करीब एक घंटे बाद एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त होने लगे। हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल जौनपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए सभी को रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी के निजी अस्पताल लेकर गए हैं।
बताया गया कि शिवकुमार गौतम (45), हीरालाल (55), सावित्री देवी (52) और गीता (46) ने सुबह दाल, चावल, सब्जी और रोटी खाई थी। इसके करीब एक घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि इसी परिवार में करीब एक सप्ताह पहले भी खाना खाने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी थी। उपचार के दौरान ममता की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।



