रामपुर (मड़ियाहूं), जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रामपुर स्थित मई मोहल्ला वार्ड नंबर-11 में मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर किशोर पर हमला कर दिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मई मोहल्ला निवासी विजय सिंह के घर में बदमाश पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते अंदर घुसे। उस समय परिवार के सदस्य गर्मी के कारण बाहर चारपाई पर सो रहे थे और मुख्य दरवाजा बंद था। बदमाशों ने कमरे में रखे बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात निकाल लिए।
इसी दौरान घर पहुंचे 17 वर्षीय शिवम सिंह पुत्र सर्वेश सिंह पर बदमाशों ने लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि शिवम अपने भाई को परीक्षा दिलाने वाराणसी गया था और रात करीब 10 बजे घर लौटा था।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश घर से लगभग 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और करीब तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, पायल, कान की बालियां, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती जेवर शामिल हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। घायल किशोर का उपचार कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


