सिकरारा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रईया स्थित गुलजारगंज बाजार में बीती रात करीब 12:30 बजे एक घर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा एसी चालू करते ही शॉर्ट सर्किट होने से हुआ।
जानकारी के अनुसार गुलजारगंज बाजार निवासी पूनम अपने घर के दूसरे तल पर सोने गई थीं। जैसे ही उन्होंने एसी का बटन ऑन किया, अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते दूसरे तल पर लगी वायरिंग और एसी धू-धू कर जलने लगे।
आग लगते ही पूनम घबरा गईं और तुरंत परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर शुभम तिवारी, सुरेश तिवारी, अंशु तिवारी और अंकु तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इस अग्निकांड में घर के दूसरे तल पर लगी पूरी वायरिंग, एसी और पंखे जलकर नष्ट हो गए। आग से छत भी काली पड़ गई है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान पंकज जायसवाल और लेखपाल को भी दी गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।


