शादी समारोह में गई महिला के बंद घर का ताला तोड़ने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
बरसठी | थाना क्षेत्र के गनेशपुर (ओझापुर) गांव में बेटी की शादी के लिए रखी नकदी और गहने गायब होने पर महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि शादी समारोह में जाने के दौरान उसके बंद घर का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया।
गांव निवासी पार्वती देवी पत्नी सूरजन विश्वकर्मा ने बुधवार को पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की शादी नवंबर माह में तय है तथा छेकैया की रस्म भी हो चुकी है। शादी के खर्च और अन्य आवश्यकताओं के लिए उन्होंने घर में करीब 2.50 लाख रुपये नकद तथा फैंसी पायल, झाली समेत अन्य गहने बक्से में सुरक्षित रखे थे। तहरीर के अनुसार 19 जून को वह घर में ताला बंद कर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने चली गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति उनके घर का ताला तोड़कर भीतर घुस गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं तो उक्त व्यक्ति घर के अंदर मौजूद मिला। पूछने पर उसने घर में बैठकर हवा लेने की बात कही और वहां से निकल गया। महिला को संदेह होने पर उन्होंने घर की जांच की तो शादी के लिए रखी नकदी और गहने गायब मिले। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपित पंचायत में नहीं पहुंचा। उल्टे वह महिला को थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता पार्वती देवी का कहना है कि पंचायत के लोगों की सलाह पर वह थाने पहुंचीं और आरोपी के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने तहरीर के साथ 40 हजार रुपये से अधिक के आभूषणों की खरीद संबंधी रसीद भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। पीड़िता ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

